चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार पहिए पटरी से उतरे, बड़ा हादसा टला
कानपुर सेंट्रल पर घटना से रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें घंटों लेट; भैया दूज पर यात्रियों को हुई परेशानी
टेन न्यूज़ !! १३ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। कानपुर सेंट्रल रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार पहिए पटरी से उतरने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। घटना के बाद कानपुर की ओर जाने वाली कई एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनें देरी से विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर पहुंचीं। भैया दूज के त्योहार पर घर लौट रहीं महिलाओं समेत अन्य यात्रियों को ट्रेनों के इंतजार में काफी परेशानी उठानी पड़ी।
जानकारी के अनुसार, कानपुर अनवरगंज-गोरखपुर चौरीचौरा एक्सप्रेस के चार पहिए पटरी से उतर गए। इसके चलते श्रमशक्ति एक्सप्रेस, अमृत भारत एक्सप्रेस और समर स्पेशल सहित कई ट्रेनों का संचालन प्रभावित हुआ। इन ट्रेनों को विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर कुछ देर रोकने के बाद रवाना किया गया।
इसका असर औरैया जनपद के फफूंद, अछल्दा, कंचौसी और पाता रेलवे स्टेशनों पर भी देखने को मिला। कानपुर की ओर जाने वाली फरक्का एक्सप्रेस करीब डेढ़ घंटे, ऊंचाहार एक्सप्रेस एक घंटे, फफूंद-कानपुर मेमू 15 मिनट, शिकोहाबाद-कानपुर मेमू एक घंटे से अधिक, टूंडला-कानपुर मेमू 40 मिनट और कानपुर-इटावा मेमू करीब एक घंटे की देरी से पहुंची।
भैया दूज के त्योहार के चलते ट्रेनों में पहले से ही यात्रियों की भारी भीड़ थी। ट्रेनें खचाखच भरी होने के कारण यात्रियों को खड़े होने तक की जगह नहीं मिल रही थी। निर्धारित समय पर ट्रेनें नहीं पहुंचने से महिलाओं और अन्य यात्रियों को रेलवे प्लेटफार्मों पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ा।
कंचौसी रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक दरबारी कुमार ने बताया कि कानपुर सेंट्रल स्टेशन पर हुए हादसे के कारण रेल यातायात प्रभावित हुआ, जिसके चलते कई ट्रेनें देरी से स्टेशन पहुंचीं।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, टेन न्यूज़।