• Fri. Aug 28th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

गढ़िया रंगीन पुलिस ने नकली और मिलावटी दूध बनाने का किया भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

ByTen News One Desk

Aug 28, 2026
2 Views

गढ़िया रंगीन पुलिस ने नकली और मिलावटी दूध बनाने का किया भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार


टेन न्यूज ।। 28 अगस्त 2026 ।। डेस्क न्यूज

शाहजहांपुर। गढ़िया रंगीन थाना क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने नकली एवं मिलावटी दूध तैयार करने के गोरखधंधे का पर्दाफाश किया है। मुखबिर की सूचना पर ग्राम कन्हानी नगला देहात माली में एक घर पर छापेमारी कर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, 27 अगस्त को खाद्य सुरक्षा विभाग और थाना गढ़िया रंगीन पुलिस की संयुक्त टीम ने मुन्नालाल पुत्र रामभरोसे, उम्र करीब 35 वर्ष के घर पर दबिश दी। तलाशी के दौरान वहां से नकली दूध तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली विभिन्न सामग्री बरामद हुई।

मौके से पामोलीन तेल के पांच पैकेट, सोयाबीन तेल के पांच पैकेट, 13 खाली पैकेट, स्किम्ड मिल्क पाउडर, 25 किलो के चार खाली बोरे, व्हे परमिएट पाउडर का खाली बोरा, लॉन्ड्री डिटर्जेंट लिक्विड की दो बोतलें, करीब एक किलो कास्टिक और करीब 600 एमएल अज्ञात रसायन बरामद किया गया।

पुलिस ने बताया कि बरामद सामग्री का इस्तेमाल नकली एवं मिलावटी दूध तैयार करने में किया जाना पाया गया। आरोपी को 27 अगस्त को करीब दोपहर एक बजे उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

थाना गढ़िया रंगीन में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 99/26, धारा 223, 274, 275 और 318(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

कार्रवाई में खाद्य सुरक्षा विभाग के सहायक आयुक्त विनीत कुमार, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभाष तिवारी समेत खाद्य सुरक्षा अधिकारी तथा थाना गढ़िया रंगीन पुलिस टीम शामिल रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!