नैनीताल में मानसून आपदा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन, राहत एवं बचाव व्यवस्थाओं का हुआ परीक्षण

टेन न्यूज़ !! ०७ जुलाई २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो, हल्द्वानी/नैनीताल, उत्तराखंड।
मानसून के दौरान संभावित प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने और विभिन्न विभागों की आपदा प्रबंधन क्षमता का आकलन करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार जनपद नैनीताल में गुरुवार को व्यापक स्तर पर मानसून आपदा मॉक ड्रिल का सफल आयोजन किया गया।
मॉक ड्रिल के दौरान जिलाधिकारी ने जिला आपदा परिचालन केंद्र से नैनीताल फ्लैट मैदान, अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार, बेतालघाट के बधो स्थित काली पहाड़ी, कालाढूंगी के निहाल नाले तथा लालकुआं के बिंदुखत्ता स्थित गौला नदी सहित विभिन्न निर्धारित स्थलों पर चल रहे राहत एवं बचाव कार्यों की मॉनिटरिंग की।
अभ्यास के तहत जनपद के पांच अलग-अलग स्थानों पर आपदा की काल्पनिक परिस्थितियां तैयार की गईं, जहां पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल संस्थान, सिंचाई विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों ने आपसी समन्वय के साथ त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया।
मॉक ड्रिल का उद्देश्य मानसून के दौरान भूस्खलन, बाढ़ और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की स्थिति में विभिन्न विभागों की तैयारियों का परीक्षण करना तथा आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत बनाना था।
इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेशभर में आयोजित मानसून पूर्व तैयारियों एवं मॉक ड्रिल की समीक्षा की तथा अधिकारियों को संभावित आपदाओं से निपटने के लिए पूरी सतर्कता एवं तत्परता बनाए रखने के निर्देश दिए।
प्रशासन ने आमजन से भी मानसून के दौरान सतर्क रहने तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।