दहेज के लिए हैवान बना पति, मायके पहुंच पत्नी पर चाकू से किया हमला
टेन न्यूज़ ii 16 मार्च 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहांपुर)। दहेज की मांग को लेकर एक पति इस कदर हैवान बन गया कि मायके में रह रही पत्नी को मारने के इरादे से उसके घर पहुंच गया और गर्दन पर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को परिजनों ने किसी तरह बचाया।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी भेजा, जहां से हालत गंभीर होने पर जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
नगर की कांशीराम कॉलोनी निवासी मो. रफी ने बताया कि उनकी बेटी सायना का निकाह करीब दो वर्ष पूर्व नगर के मोहल्ला पक्का कटरा निवासी अफजाल बैंड वाले के बेटे सोहेल के साथ हुआ था। आरोप है कि शादी के बाद से ही सोहेल दहेज की मांग को लेकर सायना को प्रताड़ित करता था। मायके पक्ष द्वारा असमर्थता जताने पर वह आए दिन उसे परेशान करता था।
बताया गया कि करीब एक पखवाड़े पहले सोहेल ने अपने घर में आग लगा दी थी, जिसके बाद सायना अपने मायके कांशीराम कॉलोनी आकर रहने लगी थी।
पीड़िता के अनुसार शनिवार रात करीब आठ बजे उसका पति सोहेल मायके पहुंच गया और बाल पकड़कर उसकी गर्दन पर चाकू से वार कर दिया, जिससे उसकी गर्दन पर गंभीर चोट आ गई। सायना की चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और किसी तरह आरोपी की पकड़ से उसे छुड़ाया।
सूचना मिलते ही कोतवाल जुगुल किशोर पाल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ सायना को तुरंत सीएचसी भिजवाया, जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
कोतवाल जुगुल किशोर पाल ने बताया कि पीड़िता सायना की तहरीर पर उसके पति सोहेल के खिलाफ घर में घुसकर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है।






