रमजान माह के मद्देनज़र पुलिस अधीक्षक ने किया संवेदनशील स्थलों का निरीक्षण

मुख्य बाजार, मस्जिदों व भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर
टेन न्यूज़ !! २३ फरवरी २०२६ !! रामचंद्र सक्सेना ब्यूरो, पीलीभीत।
रमजान माह को देखते हुए जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक द्वारा नगर क्षेत्र के संवेदनशील स्थानों का भ्रमण कर ड्यूटीरत पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारियों की सघन चेकिंग की गई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने मुख्य बाजार, मस्जिदों के आसपास, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों तथा अन्य चिन्हित संवेदनशील स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को सचेत एवं मुस्तैद रहकर ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की सघन चेकिंग करने तथा किसी भी प्रकार की अफवाह फैलने पर तत्काल प्रभाव से कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
इस दौरान संबंधित क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारियों को भी निर्देशित किया गया कि रमजान माह में विशेष सतर्कता बरती जाए, रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तथा प्रमुख स्थानों पर नियमित पैदल गश्त की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। भ्रामक सूचनाओं और सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों पर कड़ी निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
पीलीभीत से जिला ब्यूरो चीफ रामचंद्र सक्सेना की रिपोर्ट।






