• Sun. Apr 19th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

शहीद संग्रहालय परिसर में म्यूजिकल फाउंटेन, फसाड लाइटिंग एवं लाइट एंड साउंड शो का लोकार्पण

ByTen News One Desk

Jul 13, 2025
237 Views

शहीद संग्रहालय परिसर में म्यूजिकल फाउंटेन, फसाड लाइटिंग एवं लाइट एंड साउंड शो का लोकार्पण



टेन न्यूज़ !! १३ जुलाई २०२५ !! डीपी सिंह डेस्क@शाहजहांपुर


शहीदों की वीरगाथा को जन-जन तक पहुँचाने और नगर के ऐतिहासिक स्थलों को भव्य स्वरूप प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए, आज शहीद संग्रहालय परिसर (छावनी परिषद्) शाहजहांपुर में म्यूजिकल फाउंटेन, फसाड लाइटिंग तथा लाइट एंड साउंड शो का भव्य लोकार्पण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना जी उपस्थित रहे। उन्होंने बटन दबाकर म्यूजिकल फाउंटेन का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर मा० मंत्री एवं जनप्रतियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

इस लोकार्पण समारोह में शहीद संग्रहालय परिसर एक अद्भुत और दर्शनीय दृश्य प्रस्तुत कर रहा था। म्यूजिकल फाउंटेन के रंग-बिरंगे पानी की लहरों पर संगीत की मधुर धुनें नृत्य कर रही थीं, वहीं फसाड लाइटिंग ने परिसर को आकर्षक रूप से प्रकाशित कर दिया था। इसके उपरांत प्रस्तुत लाइट एंड साउंड शो में काकोरी एक्शन प्लान की ऐतिहासिक घटना को दृश्य-श्रव्य माध्यम से जीवंत किया गया, जिसे देखकर उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर हो गया।

इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए माननीय मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने कहा कि यह स्थल शाहजहांपुर की गौरवगाथा का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि यह परियोजना कितनी कठिन परिस्थितियों में पूर्ण हुई, विशेष रूप से कैंट बोर्ड की भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को लेकर उन्होंने विस्तार से बताया। उन्होंने शहीद संग्रहालय के निर्माण को वीरभूमि शाहजहांपुर को समर्पित एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया और शहीदों के बलिदान, साहस और राष्ट्रप्रेम को नमन करते हुए युवाओं से उनके पदचिन्हों पर चलने को कहा।

जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने इस अवसर पर उपस्थित सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि शहीद संग्रहालय न केवल शाहजहांपुर का गौरव है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है। उन्होंने इस आयोजन को संभव बनाने हेतु माननीय मंत्री श्री सुरेश खन्ना जी का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम के अंत में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और आम नागरिकों ने एक साथ फसाड लाइटिंग एवं लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होकर काकोरी एक्शन प्लान का शो देखा।

कार्यक्रम में सांसद अरुण कुमार सागर, महापौर अर्चना वर्मा, विधान परिषद सदस्य सुधीर गुप्ता, जिला पंचायत अध्यक्ष ममता यादव, जिला सहकारी बैंक अध्यक्ष डीपीएस राठौर, भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, भाजपा महानगर अध्यक्ष शिल्पी गुप्ता, जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह, पुलिस अधीक्षक राजेश द्विवेदी, एडम कमांडेंट कर्नल जगवीर सिंह जागलान, मुख्य अधिशासी अधिकारी एवं अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
कार्यक्रम का कुशल संचालन इंदु अजनबी द्वारा किया गया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!