जनगणना-2027 की स्व-गणना के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

डीएम ने विभागाध्यक्षों के साथ की बैठक, 16 से 30 नवंबर तक घर बैठे दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी
टेन न्यूज़ !! १४ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत स्व-गणना की तैयारियों और जनजागरूकता को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में जिलाधिकारी एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें विभिन्न विभागों के कार्यालयाध्यक्ष शामिल हुए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों के माध्यम से स्व-गणना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने तथा अधिक से अधिक परिवारों को इसमें भाग लेने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, इसलिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करें।![]()
बैठक में जानकारी दी गई कि उत्तर प्रदेश में 16 से 30 नवंबर 2026 तक आमजन se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से घर बैठे अपने परिवार की जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे। इस दौरान निवास स्थान की सही जियो-टैगिंग करना आवश्यक होगा। स्व-गणना पूरी होने पर प्राप्त एसई आईडी को सुरक्षित रखना होगा और घर पहुंचने वाले प्रगणक को उपलब्ध कराना होगा।
अधिकारियों ने बताया कि एक दिसंबर 2026 से चार जनवरी 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। स्व-गणना से लोगों को अपनी जानकारी स्वयं दर्ज करने की सुविधा मिलेगी और गणना प्रक्रिया अधिक सुगम होगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार श्रीवास, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व देवेंद्र सिंह, उपजिलाधिकारी तिर्वा वैशाली सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
हमारी जनगणना, हमारा विकास।