चंद्रावल नदी किनारे वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 का शुभारंभ, 25 हजार पौधे लगाए जाएंगे![]()
टेन न्यूज ii 11 जुलाई 2026 ii रिपोर्ट : राहुल विश्वकर्मा, ब्यूरो | महोबा
जनपद महोबा में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत चंद्रावल नदी के किनारे वृहद वृक्षारोपण अभियान की शुरुआत सदर विधायक राकेश गोस्वामी एवं जिला प्रशासन की उपस्थिति में की गई। ग्राम सिंघनपुर बघारी में आयोजित कार्यक्रम में सदर विधायक ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।
अभियान के तहत चंद्रावल नदी के किनारे स्थित 10 ग्राम पंचायतों में लगभग 25 हजार पौधे लगाए जाएंगे। इस अवसर पर विधायक राकेश गोस्वामी ने ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण में वृक्षों की भूमिका बताते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही इस महाअभियान को सफल बनाया जा सकता है।
उन्होंने आगामी 12 जुलाई को चंद्रावल नदी के तट पर पहुंचकर स्वयं अपने हाथों से पौधारोपण करने और अभियान में भागीदारी निभाने की अपील भी की। जिला प्रशासन ने बताया कि महाअभियान को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं।
कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।