• Tue. Nov 24th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कानपुर के महाराजपुर में तेंदुए का हमला, आठ लोग घायल; ग्रामीणों में दहशत

ByTen News One Desk

Nov 24, 2026
11 Views

कानपुर के महाराजपुर में तेंदुए का हमला, आठ लोग घायल; ग्रामीणों में दहशत


खेतों में काम कर रहे किसानों को बनाया निशाना, वन विभाग और पुलिस की टीम ने शुरू की तलाश


टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! राजू यादव ब्यूरो , महाराजपुर, कानपुर।

कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार दोपहर तेंदुए के हमले से हड़कंप मच गया। मदारपुर और करन खेड़ा गांव के बीच खेतों में काम कर रहे लोगों पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। घटना में आठ लोग घायल हो गए, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हमले के बाद इलाके में दहशत फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया और तेंदुए की तलाश शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे मदारपुर और करन खेड़ा गांव के बीच खेतों में गोभी और गेंदा के फूल की तुड़ाई का काम चल रहा था। इसी दौरान गन्ने और सब्जियों के खेतों से अचानक निकले तेंदुए ने वहां काम कर रहे लोगों पर हमला कर दिया। तेंदुए ने एक के बाद एक कई लोगों को निशाना बनाया। अचानक हुए हमले से खेतों में भगदड़ मच गई और लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।

घायलों में करन खेड़ा निवासी हरिराम निषाद (40), रामकेश निषाद (18) और बुद्धि (50) शामिल हैं। वहीं मदारपुर निवासी मोहित विश्वकर्मा (18) भी घायल हुआ है। इसके अलावा सिखटिया गांव निवासी साहिल पुत्र बबलू को भी तेंदुए ने घायल कर दिया। साहिल अपनी मौसी के घर करन खेड़ा आया हुआ था। घटना में कुल आठ लोगों के घायल होने की जानकारी दी गई है।

लाठी-डंडे और साबड़ लेकर तेंदुए के सामने आए ग्रामीण

हमले के दौरान ग्रामीणों ने लाठी-डंडे और साबड़ लेकर तेंदुए को भगाने का प्रयास किया। इस दौरान एक युवक साबड़ लेकर तेंदुए की ओर बढ़ता दिखाई दिया, जबकि तेंदुए ने भी उस पर झपटने की कोशिश की। घटना का कुछ सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित हो रहा है। हालांकि ग्रामीणों के प्रयास के बावजूद तेंदुआ मौके से भाग निकला।

खेतों में तलाश के लिए कॉम्बिंग अभियान

घटना की सूचना मिलते ही महाराजपुर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। घायलों को अस्पताल भेजने के बाद आसपास के गन्ने और सब्जियों के खेतों में तेंदुए की तलाश के लिए कॉम्बिंग शुरू की गई। ग्रामीणों का कहना है कि तेंदुआ आसपास के खेतों में छिपा हो सकता है। इसके चलते लोग खेतों की ओर जाने से डर रहे हैं।

वन विभाग की टीम तेंदुए का पता लगाने और उसे सुरक्षित तरीके से पकड़ने के प्रयास में जुटी है। फिलहाल क्षेत्र के ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!