एटीएम में कार्ड फंसाकर महिला के खाते से निकाले 90 हजार रुपये

जाजमऊ के जखई बाबा स्थित एसबीआई एटीएम की घटना, पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी
टेन न्यूज़ !! २४ नवम्बर २०२६ !! राजू यादव ब्यूरो ,
कानपुर। जाजमऊ थाना क्षेत्र के कैलाश नगर में एटीएम कार्ड फंसाकर महिला के बैंक खाते से 90 हजार रुपये निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और साइबर अपराध की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दुर्गा विहार निवासी कल्पना देवी के मुताबिक, 20 नवंबर को दोपहर करीब 2:53 बजे वह जखई बाबा स्थित भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के एटीएम से रुपये निकालने पहुंची थीं। इसी दौरान उनका कार्ड मशीन में फंस गया। काफी प्रयास के बाद भी कार्ड बाहर नहीं निकला। आरोप है कि एटीएम में लगे स्पीकर से तकनीकी खराबी का हवाला देते हुए बताया गया कि अगले दिन तकनीकी टीम कार्ड निकालकर वापस करेगी। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर कार्ड बंद किए जाने की जानकारी भी दी गई। इस सूचना पर भरोसा कर वह घर लौट गईं।
पीड़िता का कहना है कि उन्होंने एहतियातन बैंक खाता ब्लॉक कराने की प्रक्रिया भी शुरू की, लेकिन कुछ देर बाद मोबाइल पर खाते से रुपये निकलने के लगातार संदेश आने लगे। जानकारी करने पर पता चला कि उनके खाते से एटीएम के माध्यम से कुल 90 हजार रुपये निकाल लिए गए हैं। दोबारा एटीएम पहुंचने पर उनका कार्ड भी वहां नहीं मिला। महिला ने स्पष्ट किया कि उन्होंने स्वयं कोई निकासी नहीं की और न ही किसी अन्य व्यक्ति को रुपये निकालने की अनुमति दी थी।![]()
थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि एटीएम के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।