कोतवाली में सुलझा प्रेम प्रसंग का विवाद, मंदिर में रचाई शादी

टेन न्यूज़ !! ०८ अप्रैल २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया। तीन साल पुराने प्रेम संबंध में आई दरार आखिरकार अजीतमल कोतवाली में पुलिस की मौजूदगी में सुलझ गई। पुलिस की पहल पर दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ और कोतवाली परिसर में बने मंदिर में सादगीपूर्ण ढंग से शादी संपन्न कराई गई।
जानकारी के अनुसार, बर्रा (कानपुर) निवासी विकास और अजीतमल के एलचीनगर निवासी ज्योति की मुलाकात कानपुर के एक कोचिंग संस्थान में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के दौरान हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और संबंध प्रेम में बदल गया। करीब तीन वर्षों तक चले इस रिश्ते के दौरान विवाह की बात भी होती रही, लेकिन हाल ही में युवक द्वारा शादी से इनकार करने पर विवाद खड़ा हो गया। इससे आहत युवती ने कोतवाली पहुंचकर युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सोमवार को दोनों पक्षों को बुलाकर आमने-सामने बैठाया। लंबी बातचीत के बाद युवक ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए विवाह के लिए सहमति दे दी। पहले 12 अप्रैल को बारात लेकर शादी करने की बात तय हुई, लेकिन युवती पक्ष ने तत्काल विवाह कराने की मांग रखी। दोनों पक्षों की सहमति के बाद कोतवाली के दुर्गा मंदिर में सादगी के साथ विवाह की रस्में पूरी कराई गईं।
युवक-युवती ने एक-दूसरे को जयमाला पहनाकर अपने रिश्ते को सार्वजनिक रूप से स्वीकार किया। इस दौरान दोनों पक्षों के करीब एक दर्जन लोग मौजूद रहे। बताया गया है कि शेष वैवाहिक रस्में 12 अप्रैल को परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ धूमधाम से संपन्न कराई जाएंगी। घटना के बाद क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।
