महोबा: बंद पड़ी खदान में युवक का शव मिलने से मचा हड़कंप

कबरई में चंद्रावल रोड के पास मिला 26 वर्षीय युवक का शव, घर से निकलने के बाद से था लापता
टेन न्यूज़ !! १७ अक्टूबर २०२६ !! राहुल विश्वकर्मा ब्यूरो
महोबा/कबरई। थाना कबरई क्षेत्र में चंद्रावल रोड के पास अस्थायी गौशाला के पीछे बंद पड़ी खदान में एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बाराती प्रजापति उर्फ विजय (26) पुत्र भूरा प्रजापति, निवासी विशाल नगर, कबरई के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, युवक बीते दिन दोपहर करीब तीन बजे घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच बंद पड़ी खदान के पास युवक का शव मिलने की सूचना मिली। खबर मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे। शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
मृतक के पिता खेती-किसानी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी कबरई पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
फिलहाल युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा।