14 वर्षीय किशोरी की हत्या की सूचना से मचा हड़कंप, पुलिस जांच में बीमारी से मौत की बात आई सामने

पिता पर हत्या का लगाया गया था आरोप, पुलिस ने जुटाए अस्पताल के इलाज संबंधी दस्तावेज
टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो,
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पृथ्वीपुर में 14 वर्षीय किशोरी की मौत के बाद डायल 112 पर हत्या की सूचना दिए जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना में किशोरी के पिता पर ही हत्या करने का आरोप लगाया गया था। हालांकि, पुलिस की शुरुआती जांच में किशोरी की मौत बीमारी के चलते होने की बात सामने आई है।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पृथ्वीपुर निवासी मुकुंद सिंह पुत्र राजबहादुर सिंह ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि गांव के अरविंद सिंह पुत्र हाकिम सिंह ने अपनी 14 वर्षीय बेटी ग्रेसी की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
जांच में पता चला कि ग्रेसी पिछले करीब दो माह से बीमार थी। परिजन उसका उपचार औरैया के प्रार्थना नर्सिंग होम में करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर उसे कानपुर देहात के अकबरपुर स्थित प्रसा अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस के मुताबिक, 27 नवंबर को तबीयत अधिक खराब होने पर उसे कानपुर रेफर किया गया था। इसी दौरान रास्ते में उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव स्थित घर पहुंच गए।
पुलिस ने परिजनों से उपचार संबंधी दस्तावेज प्राप्त किए हैं। साथ ही गांव के लोगों से पूछताछ कर उनके बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि सूचना देने वाले मुकुंद सिंह का किशोरी के परिवार से पहले से विवाद चल रहा है। वह पूर्व में मारपीट के एक मामले में जेल भी जा चुका है। जांच के दौरान सूचना देने वाला मौके पर नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में हत्या के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। किशोरी की मौत बीमारी के कारण होने की बात सामने आई है। मामले की जांच जारी है।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया