• Wed. Jul 22nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

किसान दिवस में सीडीओ ने सुनी किसानों की समस्याएं, विभिन्न योजनाओं की दी जानकारी

ByTen News One Desk

Jun 19, 2026
45 Views

किसान दिवस में सीडीओ ने सुनी किसानों की समस्याएं, विभिन्न योजनाओं की दी जानकारी


टेन न्यूज़ !! १९ जून २०२६ !! रिपोर्ट : रामजी पोरवाल, ब्यूरो चीफ, औरैया

औरैया। जनपद मुख्यालय ककोर स्थित विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों की समस्याएं सुनने के साथ ही कृषि, पशुपालन, उद्यान एवं अन्य विभागों की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

किसान दिवस के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने किसानों से संवाद करते हुए उन्नतशील बीज, उर्वरक, सिंचाई एवं विद्युत व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि शासन की अधिकांश योजनाएं किसानों को केंद्र में रखकर संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए फार्मर आईडी बनवाना अनिवार्य है। फार्मर आईडी के अभाव में किसान विभिन्न योजनाओं के लाभ से वंचित रह सकते हैं।

पशुपालन विभाग द्वारा मुख्यमंत्री गौ संवर्धन योजना की जानकारी देते हुए बताया गया कि पात्र किसानों को दो गायों की इकाई पर अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है। इसके अलावा बकरी पालन योजना के अंतर्गत भी अनुदान की व्यवस्था है, जिसके लिए किसान मुख्य पशु चिकित्साधिकारी कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं।

उद्यान विभाग के अधिकारियों ने बागवानी, माइक्रो इरिगेशन, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना, मशरूम उत्पादन, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट, पॉलीहाउस, नेटहाउस एवं अन्य योजनाओं की जानकारी देते हुए उपलब्ध अनुदान के बारे में बताया।

जिला कृषि अधिकारी दुर्गेश कुमार सिंह ने बताया कि जनपद के सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर धान, अरहर, उड़द, मूंग, तिल सहित विभिन्न फसलों के बीज अनुदान पर उपलब्ध हैं। वहीं मोटे अनाजों को बढ़ावा देने के लिए रागी, सावा, कोदो, ज्वार एवं बाजरा के बीज निःशुल्क उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसानों को ऑनलाइन बुकिंग प्रक्रिया एवं ई-लॉटरी प्रणाली की भी जानकारी दी गई।

बैठक में किसानों को यह भी बताया गया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की अगली किस्त 20 जून 2026 को किसानों के खातों में हस्तांतरित की जाएगी।

इस अवसर पर उप कृषि निदेशक, जिला कृषि अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी, जिला उद्यान निरीक्षक, विद्युत विभाग, पशुपालन विभाग, सिंचाई विभाग, नलकूप विभाग, मंडी समिति, रेशम विभाग, सहकारिता विभाग के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!