अभिभावक बच्चों को डिप्थीरिया का टीका अवश्य लगवाएं: जिलाधिकारी शाहजहांपुर 
टेन न्यूज़ ii 10 अप्रैल 2026 ii डीपी सिंह@डेस्क न्यूज़, शाहजहांपुर
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में 20 से 30 अप्रैल तक प्रस्तावित डिप्थीरिया टीकाकरण अभियान को लेकर जिला टास्क फोर्स (डीपीटी/डीटी) की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 17 अप्रैल तक अभियान का माइक्रो प्लान तैयार कर लिया जाए। साथ ही विद्यालयों के प्रधानाचार्यों के साथ समन्वय स्थापित कर प्राथमिक विद्यालयों, मदरसों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में टीकाकरण के लिए व्यापक सूचना प्रसारित की जाए।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि डिप्थीरिया एक गंभीर संक्रामक रोग है, जिसे समय पर टीकाकरण से पूरी तरह रोका जा सकता है। यह गले को प्रभावित करने वाली बीमारी है, जिसमें गले में सूजन, खराश, बुखार और गर्दन में सूजन जैसे लक्षण दिखाई देते हैं। यह संक्रमण खांसने या संपर्क में आने से फैलता है।
विशेषज्ञों ने बताया कि छोटे बच्चों को पेंटावेलेंट वैक्सीन के तहत 6, 10 और 14 सप्ताह तथा 18 महीने की उम्र में टीका लगाया जाता है। इसके बाद 5 वर्ष की आयु पर बूस्टर डोज और फिर हर 10 वर्ष में बूस्टर टीकाकरण आवश्यक है। यह टीके डिप्थीरिया के साथ-साथ टिटनेस और काली खांसी से भी सुरक्षा प्रदान करते हैं।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को समय पर टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि उन्हें गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।
