तिलहर में पीस कमेटी की बैठक, रामलीला में अश्लील डांस का सभासदों ने जताया विरोध

टेन न्यूज़ !! ०९ अक्टूबर २०२६ !! अमुक सक्सेना
तिलहर, शाहजहांपुर। आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न कराने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से तिलहर में सीओ विदुष सक्सेना की अध्यक्षता में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के संभ्रांत नागरिकों और धर्मगुरुओं से सुझाव लिए गए। अधिकारियों ने आपसी सौहार्द, भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की।
बैठक के दौरान सीओ ने लोगों को अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर भ्रामक अथवा अफवाह फैलाने वाली सूचनाएं साझा नहीं करने के निर्देश दिए। उन्होंने त्योहारों के दौरान आपसी सहयोग बनाए रखने और किसी भी समस्या की सूचना पुलिस को देने की बात कही।
रामलीला आयोजकों से ली जानकारी
बैठक में सीओ विदुष सक्सेना ने पोटरगंज की श्री जनता रामलीला और दोदराजपुर की प्राचीन रामलीला मेला के आयोजकों से कार्यक्रमों के संबंध में जानकारी ली। इसी दौरान सभासद अभिषेक सिंह और दिलीप सक्सेना ने सीओ को पत्र सौंपकर रामलीला में कथित अमर्यादित और अश्लील डांस कराए जाने पर विरोध दर्ज कराया। उन्होंने धार्मिक आयोजन की मर्यादा बनाए रखने की मांग उठाई।
बैठक में कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर नायब तहसीलदार निवेदिता ठाकुर, कोतवाल प्रभाष चंद्र, व्यापार मंडल अध्यक्ष सौरभ गुप्ता रवि, हितेश गुप्ता रिंकू, सोनू खन्ना, नीलेश गुप्ता, राजू पंडित, परविंदर यादव, अब्दुल सादिक, शहजाद हुसैन, लल्ला भाई, राहुल, अमित और आनंद सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में त्योहारों के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने और धार्मिक आयोजनों की गरिमा कायम रखने पर जोर दिया गया।