कबरा हुसैनपुर में पुलिस ने ग्रामीणों को दी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी

महिला सशक्तिकरण और जनसुरक्षा को लेकर ग्रामीणों को किया जागरूक, हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी पाकर खुश हुए लोग
टेन न्यूज़ !! १४ अक्टूबर २०२६ !! रजनीश कुमार,
उखली/ (शाहजहांपुर)। तहसील तिलहर क्षेत्र के ग्राम कबरा हुसैनपुर में कटरा थाने की पुलिस टीम ने ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया। इस दौरान ग्रामीणों को महिला सशक्तिकरण, महिलाओं की सुरक्षा और जरूरत के समय पुलिस व संबंधित विभागों से सहायता प्राप्त करने के बारे में बताया गया।
पुलिस की ओर से ग्रामीणों को 1076, 181 और 1930 हेल्पलाइन नंबरों के बारे में जानकारी दी गई। इन नंबरों का उपयोग किस परिस्थिति में किया जा सकता है, इसकी जानकारी मिलने पर ग्रामीणों ने प्रसन्नता व्यक्त की। जागरूकता कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी सहायता सेवाओं और शिकायत दर्ज कराने की सुविधाओं से परिचित कराना रहा।
कार्यक्रम के दौरान गांव के गजेंद्र, रूपनारायण, संजू, उमेश और कुलदीप सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसी जानकारी आम लोगों के लिए उपयोगी है।