तिरुपति बालाजी पब्लिक स्कूल में POSH एक्ट जागरूकता कार्यक्रम आयोजित, महिलाओं के अधिकार व मानसिक स्वास्थ्य पर दी गई अहम जानकारी

टेन न्यूज़ !! ०८ जुलाई २०२६ !! वसीम खान ब्यूरो
रायबरेली। कानपुर रोड स्थित अतौरवा पुलिस चौकी के पास संचालित तिरुपति बालाजी पब्लिक स्कूल में कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा एवं लैंगिक समानता को लेकर POSH एक्ट (Prevention of Sexual Harassment Act, 2013) विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्या नेहा सिंह ने POSH टीम का स्वागत करते हुए ऐसे जागरूकता अभियानों को समय की आवश्यकता बताया और उनके प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम के मुख्य सत्र में मनोवैज्ञानिक एवं POSH ट्रेनर रूमा परवीन ने कार्यस्थल पर मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक सुरक्षा, आत्मसम्मान और सकारात्मक कार्य वातावरण के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि मानसिक रूप से सुरक्षित और सम्मानजनक माहौल किसी भी संस्थान की सफलता की मजबूत नींव होता है।
इसके बाद POSH ट्रेनर शिवानी शर्मा ने विशाखा गाइडलाइंस से लेकर POSH एक्ट-2013 बनने तक की यात्रा की जानकारी दी। उन्होंने यौन उत्पीड़न के विभिन्न स्वरूपों, महिलाओं के कानूनी अधिकारों तथा कार्यस्थल पर सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया।![]()
कार्यक्रम में POSH ट्रेनर अर्चना सिंह ने आंतरिक शिकायत समिति (Internal Committee) की संरचना, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया, उसके निस्तारण की समय-सीमा तथा नियोक्ता की कानूनी जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रत्येक संस्थान में POSH एक्ट के प्रभावी क्रियान्वयन और शिकायतों की गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष बल दिया।
इस अवसर पर युवा POSH वालंटियर अपूर्वा सिंह ने मंच संचालन, कार्यक्रम समन्वय एवं जागरूकता अभियान में सक्रिय भूमिका निभाई। उनकी ऊर्जा और समर्पण की उपस्थित सभी लोगों ने सराहना की।
कार्यक्रम के समापन पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विद्यालय परिसर में मुख्य अतिथियों, विद्यालय प्रबंधन एवं प्रतिभागियों द्वारा पौधारोपण किया गया। अंत में सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया गया।
रिपोर्ट: वसीम खान, ब्यूरो चीफ, रायबरेली (टेन न्यूज)