पुलभट्टा पुलिस ने व्यापारियों और चालकों को साइबर ठगी से बचने के तरीके बताए

ओटीपी, पासवर्ड और बैंक विवरण साझा न करने की अपील, फर्जी लिंक व लुभावने ऑफर से सतर्क रहने की सलाह
टेन न्यूज़ !! १५ अक्टूबर २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो
ऊधमसिंहनगर। जिले में साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने और आम लोगों को ऑनलाइन ठगी के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से पुलिस का अभियान जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के निर्देशन में थाना पुलभट्टा पुलिस ने क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर व्यापारियों, रिक्शा चालकों, टेंपो चालकों और आम नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने लोगों से संवाद कर ऑनलाइन ठगी के विभिन्न तरीकों के बारे में बताया। पुलिस ने अपील की कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, पासवर्ड या बैंक खाते से जुड़ी गोपनीय जानकारी साझा न करें। साथ ही बताया कि बैंक संबंधी जानकारी मांगने वाले संदिग्ध फोन कॉल से सावधान रहें।
पुलिस ने फर्जी संदेशों, अनजान लिंक, मुफ्त रिचार्ज, लॉटरी और कौन बनेगा करोड़पति (केबीसी) के नाम पर मिलने वाले लुभावने ऑफर से सतर्क रहने की सलाह दी। ऐसे संदेशों के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाया जा सकता है। इसलिए किसी भी लिंक पर क्लिक करने या अपनी निजी जानकारी देने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना जरूरी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं और संबंधित बैंक को भी तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
पुलिस के अनुसार, साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।