• Wed. Oct 14th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, काम पर लौटे कर्मचारी

ByTen News One Desk

Oct 14, 2026
1 Views

तिलहर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त, काम पर लौटे कर्मचारी


अधिशासी अधिकारी के आश्वासन पर बनी सहमति, सात सूत्रीय मांगों को लेकर बंद किया था काम


टेन न्यूज़ !! १४ अक्टूबर २०२६ !! अमुक सक्सेना

तिलहर, शाहजहांपुर। नगर पालिका परिषद के सफाई कर्मचारियों ने मंगलवार को अपनी हड़ताल समाप्त कर काम पर वापसी कर ली। सोमवार से शुरू हुई हड़ताल सफाई कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष एवं शाहजहांपुर महानगर के मनोनीत पार्षद रामनिवास वाल्मीकि की मौजूदगी में कर्मचारियों और पालिका अधिकारियों के बीच हुई वार्ता के बाद समाप्त हुई। अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने कर्मचारियों की मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद दोनों पक्षों में सहमति बन गई।

सफाई कर्मचारी सात सूत्रीय मांगों को लेकर सोमवार से काम बंद किए हुए थे। उनकी प्रमुख मांगों में एमआरएफ से जुड़ी समस्याओं का समाधान, समय पर वेतन भुगतान, दो महीने से सफाई उपकरण उपलब्ध न कराए जाने और आउटसोर्स कर्मचारियों को बिना सूचना हटाए जाने का मुद्दा शामिल था। इसके अलावा करीब 15 वर्षों से कार्यरत देवेंद्र पाल और अभिषेक को दोबारा काम पर रखने, सर्दी में गर्म वर्दी उपलब्ध कराने तथा वाल्मीकि समाज के जिन कर्मचारियों से ड्राइवर का काम लिया जा रहा है, उन्हें पद के अनुरूप वेतन देने की मांग भी उठाई गई थी।

मंगलवार को हुई वार्ता में अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार ने देवेंद्र पाल और अभिषेक की काम पर वापसी के संबंध में एक महीने बाद बातचीत करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी कर्मचारी को बिना नोटिस दिए सेवा से नहीं हटाया जाएगा। यदि किसी कर्मचारी के काम में लापरवाही की शिकायत मिलती है, तो उसे तीन नोटिस दिए जाएंगे। इसके बाद भी सुधार नहीं होने पर नियमानुसार सेवा समाप्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

वहीं, ठेकेदार संजीव गुप्ता ने दोनों कर्मचारियों को दीपावली पर पांच-पांच हजार रुपये बोनस देने की बात कही। अधिकारियों के आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया और काम पर लौट आए।

कर्मचारियों ने नगर पालिका क्षेत्र को साफ-सुथरा बनाए रखने और स्वच्छता व्यवस्था में सहयोग करने का संकल्प भी लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!