शाहजहांपुर : ऑपरेशन ‘दहन’ के तहत 650 किलो मादक पदार्थों का निस्तारण, पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई
टेन न्यूज़ ii 16 अप्रैल 2026 ii पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/
शाहजहांपुर।
जनपद में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन दहन’ के अंतर्गत पुलिस और प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वर्ष 2023 से 2026 तक विभिन्न मामलों में बरामद करीब 650 किलोग्राम नारकोटिक्स ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस (एनडीपीएस) का विधिवत निस्तारण कराया। नष्ट किए गए इन मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत लगभग 30 करोड़ रुपये आंकी गई है।
मादक पदार्थों को पुलिस लाइन से एंटी नारकोटिक्स टीम द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच एसपी ग्रीन लाइट इनवायरमेंट वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री, ग्राम नवदिया तक पहुंचाया गया, जहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका सुरक्षित विनष्टीकरण किया गया। पूरी कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
निस्तारण की प्रक्रिया के दौरान उपमुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. बी.के. वर्मा, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भवरे, क्षेत्राधिकारी तिलहर ज्योति यादव, थाना प्रभारी निरीक्षक अवधेश कुमार सेंगर सहित पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों की निगरानी में यह कार्रवाई पूरी पारदर्शिता और विधिक मानकों के अनुरूप संपन्न कराई गई।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) दीक्षा भवरे ने बताया कि इन मादक पदार्थों के विनष्टीकरण का निर्णय राज्य स्तरीय समिति की 4 जुलाई 2023 को आयोजित बैठक में लिया गया था, जिसके तहत विभिन्न मामलों में जब्त मादक पदार्थों का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया गया।
उन्होंने कहा कि मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नशे के अवैध कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य समाज को नशामुक्त बनाना और विशेष रूप से युवाओं को इस बुराई से दूर रखना है।
इस कार्रवाई को जिले में नशे के अवैध कारोबार पर एक बड़ा प्रहार माना जा रहा है।
