• Sat. Oct 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

तिलहर में सरिया कारोबार पर SIB का छापा, करोड़ों के माल की जांच में मिलीं अनियमितताएं

ByTen News One Desk

Oct 17, 2026
6 Views

तिलहर में सरिया कारोबार पर SIB का छापा, करोड़ों के माल की जांच में मिलीं अनियमितताएं


चार जिलों की आठ टीमों ने पांच गोदामों में की पड़ताल, 50 अधिकारियों-कर्मचारियों ने खंगाले दस्तावेज


टेन न्यूज ।। 17 अक्टूबर 2026 ।। अमुक सक्सेना

तिलहर, शाहजहांपुर। लोहे के सरिया कारोबार में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए राज्य कर विभाग की विशेष जांच शाखा (SIB) ने शनिवार को लगातार दूसरे दिन कार्रवाई जारी रखी। तिलहर थाना क्षेत्र स्थित रामासरे फर्म पर बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत और बदायूं से पहुंचीं आठ टीमों ने पांच गोदामों में रखे माल की जांच की। करीब आठ घंटे तक चली कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही। गोदामों में रखे सरियों की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

कार्रवाई में करीब 50 अधिकारी और कर्मचारी शामिल रहे। टीमों ने कारोबार से जुड़े दस्तावेजों, अभिलेखों और गोदामों में उपलब्ध सरियों की पड़ताल की। सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर स्थानीय पुलिस बल भी तैनात रहा। माल की वास्तविक मात्रा का आकलन करने के लिए सरियों को धर्मकांटे पर तौलने की प्रक्रिया अपनाई गई।

SIB के डिप्टी कमिश्नर अनिरुद्ध सिंह के मुताबिक, फर्म पंजीकृत है, लेकिन जांच के दौरान बिना लिखित रिकॉर्ड के लोहे का कारोबार किए जाने की बात सामने आई है। अधिकारियों की जांच का मुख्य केंद्र कारोबार से संबंधित अभिलेख और गोदामों में रखे माल की वास्तविक मात्रा है। जांच देर रात तक जारी रहने की संभावना जताई गई।

ट्रक पकड़े जाने के बाद शुरू हुई जांच

इस कार्रवाई की शुरुआत शुक्रवार को हुई थी। बरेली SIB की टीम ने पीछा कर सरियों से भरा एक वाहन पकड़ा था। अधिकारियों के अनुसार, वाहन में लदे माल से संबंधित दस्तावेज मौके पर प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद रामासरे फर्म के कारोबार की गहन जांच शुरू की गई। शुक्रवार को टीम ने करीब तीन घंटे तक पड़ताल कर सरियों से भरे ट्रक को जब्त किया था।

कार्रवाई के दौरान फर्म से जुड़ी दुकानों को बंद कर दिया गया, जबकि मकान पर भी ताला लगा मिला। अधिकारियों के मुताबिक, फर्म के मालिक वैभव अग्रवाल और विवेक अग्रवाल बताए गए हैं। हालांकि, मामले में फर्म संचालकों का पक्ष सामने नहीं आया है।

फिलहाल SIB की जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि माल की वास्तविक मात्रा, कारोबार से जुड़े अभिलेखों और अन्य तथ्यों की जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!