• Wed. Apr 22nd, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

बरसाती मौसम में बढ़ा सांप का खतरा, ग्राम हुलासनगला में खेत पर टहलते समय चंपतराम को जहरीले सांप ने डसा, डॉक्टर की सतर्कता से बची जान

ByTen News One Desk

Aug 13, 2025
292 Views

बरसाती मौसम में बढ़ा सांप का खतरा, ग्राम हुलासनगला में खेत पर टहलते समय चंपतराम को जहरीले सांप ने डसा, डॉक्टर की सतर्कता से बची जान



टेन न्यूज़ !! १३ अगस्त २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर ।


थाना क्षेत्र के ग्राम हुलासनगला में मंगलवार सुबह खेत पर टहल रहे एक किसान को जहरीले सांप ने काट लिया। घटना ने पूरे परिवार को दहशत में डाल दिया, लेकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा की तत्परता से उनकी जान बच गई।

जानकारी के मुताबिक, चंपतराम पुत्र राम बहादुर (45) रोज की तरह सुबह अपने खेत पर टहलने गए थे। खेत के किनारे से गुजरते समय अचानक झाड़ियों से निकले एक जहरीले सांप ने उनके दाहिने पैर में काट लिया। सांप के डंसते ही चंपतराम जोर से चिल्लाए, जिससे पास ही मौजूद कुछ ग्रामीण और उनके परिजन मौके पर पहुंच गए।

परिजन घबराए, लेकिन समय बर्बाद किए बिना उन्हें तुरंत कटरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। यहां ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर फैजान और उनकी टीम में शामिल राजकिशोर ने मरीज का बिना देर किए उपचार शुरू कर दिया। उन्होंने प्राथमिक चिकित्सा के साथ एंटीवेनम इंजेक्शन लगाया और स्थिति पर लगातार नजर रखी। कुछ ही देर में चंपतराम की हालत में सुधार आने लगा और डॉक्टरों ने उन्हें खतरे से बाहर घोषित कर दिया।

डॉ. फैजान ने बताया कि समय पर अस्पताल लाना ही मरीज की जान बचाने का मुख्य कारण रहा। उन्होंने लोगों से अपील की कि बरसात के मौसम में खेत, बाग-बगीचों और घर के आसपास सफाई रखें। सांप के काटने पर किसी भी तरह की झाड़-फूंक या देरी न करें, बल्कि तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचें, क्योंकि ऐसे मामलों में हर मिनट कीमती होता है।

गांव के बुजुर्गों ने भी डॉक्टर फैजान और उनकी टीम की सराहना की और कहा कि उनकी सतर्कता और तेज कार्रवाई से गांव का एक परिवार बड़ी त्रासदी से बच गया। बरसात के मौसम में सांप के काटने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं, ऐसे में ग्रामीणों को सतर्क रहने और बचाव के उपाय अपनाने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!