• Sun. Sep 6th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

रक्षाबंधन से पहले मिठाई कारखाने पर छापा, 600 किलो खराब मिठाई नष्ट

ByTen News One Desk

Aug 25, 2026
30 Views

रक्षाबंधन से पहले मिठाई कारखाने पर छापा, 600 किलो खराब मिठाई नष्ट


टेन न्यूज़ !! २५ अगस्त २०२६ !! अमुक सक्सेना

तिलहर/शहजहानपुर। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए पहले से तैयार कर मिठाइयों का स्टॉक किए जाने के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। खाद्य आयुक्त विनीत कुमार के निर्देश पर सोमवार को विभागीय टीम ने निगोही रोड स्थित गौंटिया मोड़ के पास एक मिठाई कारखाने पर छापा मारा।

निरीक्षण के दौरान कारखाने में करीब 600 किलो खराब और संदिग्ध मिठाई बरामद हुई। इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.20 लाख रुपये बताई गई। टीम ने मौके पर ही गड्ढा खुदवाकर बरामद मिठाई को नष्ट करा दिया।

कारखाने में रसभरी, बर्फी, लौंज, पेड़ा, गुलाब जामुन और सोहन पापड़ी समेत कई प्रकार की मिठाइयां तैयार होती मिलीं। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने विभिन्न मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लिए। इसके साथ ही मिठाई बनाने में इस्तेमाल किए जा रहे रिफाइंड पाम ऑयल का भी नमूना संग्रहित किया गया। सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है।

जांच के दौरान कारखाने में पांच टिन और 16 प्लास्टिक कंटेनरों में बड़ी मात्रा में खराब मिठाइयां रखी मिलीं। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने इन मिठाइयों को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

अधिकारियों ने कारखाना संचालक को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में खराब, बासी या संदिग्ध खाद्य पदार्थों का भंडारण अथवा बिक्री न की जाए। त्योहार के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हड़कंप मचा रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!