तापमान में 3 से 5 डिग्री की गिरावट, ठंड बढ़ी
अगले दो-तीन दिन मौसम रहेगा सामान्य या सामान्य से ठंडा, इसके बाद तापमान में बढ़ोतरी के आसार
टेन न्यूज़ !! १८ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो , कन्नौज यूपी
प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद ठंडी और शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है। पिछले 48 घंटों के दौरान प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में दिन और रात के तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। इससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है।
मौसम के इस बदलाव के साथ वातावरण में नमी भी कम हुई है, जिसके चलते सोमवार सुबह कोहरे का घनत्व पहले की तुलना में कम रहा। मौसम के मौजूदा रुख के अनुसार अगले दो से तीन दिनों तक तापमान में मामूली गिरावट जारी रह सकती है और इसके सामान्य या सामान्य से नीचे बने रहने की संभावना है।
इसके बाद बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ के प्रभाव से हवाओं की दिशा में बदलाव होने की संभावना है। इसके चलते प्रदेश के तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।