• Fri. Apr 24th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा ने फैंस को लगा जोरदार झटका…जाने क्या है पूरा मामला

ByTen News One Desk

May 10, 2025
295 Views

टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा ने फैंस को लगा जोरदार झटका…जाने क्या है पूरा मामला



टेन न्यूज़ !! १० मई २०२५ !! सोशल मीडिया डेस्क@ नई दिल्ली


भारत और पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव भरे माहौल के बीच भारतीय क्रिकेट में भी हंगामा मचा हुआ है. 7 मई को टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा की और दो दिन बाद 10 मई को विराट कोहली के इस फॉर्मेट को अलविदा कहने की खबर आ रही है. जानकारी के मुताबिक इस दिग्गज ने भी टेस्ट से संन्यास का मन बना लिया है और इसकी जानकारी बीसीसीआई को दे दी. आखिर ऐसा क्या हो गया जो विराट कोहली ने अपने सबसे फेवरेट फॉर्मेट को छोड़ने का मुश्किल फैसला ले लिया.

विराट कोहली और रोहित शर्मा ने भारत के आईसीसी टी20 विश्व कप 2024 जीतने के बाद एक साथ इस फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा की थी. इस फैसले को सुनने के बाद पूरी दुनिया में दोनों के चाहने वालों को झटका लगा था. अब एक साथ तो नहीं लेकिन एक दो दिन के अंतर पर रोहित शर्मा और विराट कोहली ने टेस्ट से भी संन्यास लेकर सबको चौंकाया है. यह खबर चौंकाने वाली इसलिए है क्योंकि भारत को अगले महीने इंग्लैंड का मुश्किल दौरा करना है.

रोहित शर्मा के टेस्ट क्रिकेट छोड़ने के बाद सबको यही उम्मीद थी कि विराट कोहली तो कुछ दिन टीम के साथ रहेंगे. अब खबर है कि वो भी इस फॉर्मेट को अलविदा कह रहे हैं. लेकिन ऐसा करने के पीछे की वजह क्या है. दरअसल टी20 को छोड़ चुके इस धुरंधर का अगला लक्ष्य भारत के लिए अधूरा सपना पूरा करने का है. 2023 वनडे वर्ल्ड कप में भारतीय टीम फाइनल तक पहुंचकर ट्रॉफी उठाने से चूक गई थी.

विराट कोहली का पूरा ध्यान 2027 में होने वाले इसी टूर्नामेंट पर है. टेस्ट क्रिकेट में वर्क लोड मैनेजमेंट की वजह से वो नहीं खेलना चाहते. भले ही यह खिलाड़ी कितना भी फिट हो लेकिन 5 दिन के मुकाबले में वो और ज्यादा अपनी एनर्जी नहीं लगाना चाहते. 36 साल के हो चुके विराट कोहली के पास अभी भी वनडे वर्ल्ड कप की तैयारी के लिए 3 साल हैं. ऐसे में अपनी फिटनेस और एनर्जी को बनाए रखना बहुत मुश्किल होगा. लिहाजा सिर्फ एक फॉर्मेट वनडे में खेलते रहने से उनको इसमें मदद मिलेगी. हाल में हुई चैंपियंस ट्रॉफी को रोहित और विराट की जोड़ी के नेतृत्व में भारत ने जीता.

हालिया इंडियन प्रीमियर लीग में विराट कोहली ने जमकर रन बरसाए हैं. लिमिटेड ओवर फॉर्मेट में खुद को ढालने में इस धुरंधऱ को ज्यादा वक्त नहीं लगता. टेस्ट क्रिकेट में ध्यान लगाना ज्यादा मुश्किल होता है क्योंकि सेशन दर सेशन खेल बदलता है. विराट कोहली टेस्ट में पिछले कुछ सालों में उतना अच्छा नहीं कर पाए हैं. 2023 में वेस्टइंडीज के खिलाफ शतक बनाने के बाद वो 15 पारियों में संघर्ष करते नजर आए. ऑस्ट्रेलिया में सेंचुरी जमाने के बाद से अब तक विराट लगातार 7 पारी में रन बनाने को तरसते नजर आए.

भारतीय टीम के लिए साउथ अफ्रीका हमेशा से ही लकी रहा है. भारत ने साल 2007 में जब आईसीसी के पहले टी20 विश्व कप को जीता था तब इसे साउथ अफ्रीका में कराया गया था. जब 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में इस खिताब पर कब्जा जमाया तो सामने फाइनल में साउथ अफ्रीका की टीम थी. अब 2027 में वनडे वर्ल्ड को भी जिम्बाब्वे और नामीबिया के साथ मिलकर साउथ अफ्रीका होस्ट करेगा. भारत के पास एक बार फिर से वर्ल्ड चैंपियन बनने का मौका होगा. रोहित और विराट इस आईसीसी ट्रॉफी के साथ क्रिकेट को अलविदा कहना चाहेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!