मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 में तिलहर में कार्रवाई, 2 वाहन सीज![]()
टेन न्यूज ।। 20 सितम्बर 2026 ।। अमुक सक्सेना
तिलहर/शाहजहांपुर। मिशन सेफ फ्यूचर 3.0 के तहत यातायात पुलिस और थाना तिलहर पुलिस ने संयुक्त रूप से स्कूल वाहनों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों को सीज किया गया, जबकि 15 वाहनों के चालान किए गए।
पुलिस टीम ने तिलहर स्थित द रेनेसां एकेडमी और राजनपुर रोड स्थित कैम्ब्रिज पब्लिक स्कूल से संबंधित वाहनों की जांच की। चेकिंग के दौरान कुछ ई-रिक्शों में पीछे अतिरिक्त सीट लगाकर बच्चों को बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया। पुलिस ने अतिरिक्त सीटों को हटवाते हुए संबंधित संचालकों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की।
अभियान के दौरान स्कूली बच्चों को यातायात नियमों और सुरक्षित यात्रा के प्रति जागरूक किया गया। मुख्य चौराहे पर आमजन को भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की जानकारी दी गई।
पुलिस के अनुसार स्कूल वाहनों का फिट होना, चालक के साथ परिचर की मौजूदगी और छात्राओं के सफर के दौरान महिला परिचर की व्यवस्था जरूरी है। इसके अलावा स्कूल वाहनों के चालकों का चरित्र सत्यापन तथा वाहन पर स्कूल प्रबंधन का नाम, संपर्क नंबर, चालक का नाम, मोबाइल नंबर, ड्राइविंग लाइसेंस, परमिट और फिटनेस से जुड़ी जानकारी अंकित होना आवश्यक है।
पुलिस ने बताया कि अभियान का उद्देश्य स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है।