मीरानपुर कटरा में शासन नामित तीन सभासदों ने ली शपथ, जनसेवा और विकास का लिया संकल्प![]()
टेन न्यूज ii 09 जुलाई 2026 ii पप्पू अंसारी
लोकेशन: मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर
मीरानपुर कटरा नगर पंचायत सभागार में गुरुवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में शासन द्वारा नामित तीन सभासदों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। उपजिलाधिकारी जीत सिंह राय ने रजत शर्मा, रवि त्रिपाठी और राम निवास को विधिवत शपथ दिलाई। तीनों सभासदों ने संविधान के प्रति निष्ठा रखते हुए नगर के विकास, जनहित और पारदर्शी कार्यशैली के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का संकल्प लिया।
शपथ ग्रहण के बाद एसडीएम जीत सिंह राय और क्षेत्रीय विधायक डॉ. वीर विक्रम सिंह ‘प्रिंस’ ने नव-नामित सभासदों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दायित्व जनता की सेवा का महत्वपूर्ण अवसर है और नगर के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सभासदों की अहम भूमिका होगी।
विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार नगर निकायों के समग्र विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सभी जनप्रतिनिधियों को आपसी समन्वय के साथ नगर को स्वच्छ, सुंदर और विकसित बनाने में योगदान देना चाहिए।
समारोह में नगर पंचायत के जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने नव-नामित सभासदों का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं जनहितकारी कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।