तिलहर पुलिस ने 923 लीटर अवैध शराब का कराया विनिष्टीकरण, 102 आबकारी मामलों का हुआ निस्तारण
टेन न्यूज ii 09 जुलाई 2026 ii अमुक सक्सेना, तिलहर/शाहजहांपुर
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देश पर लंबित मालों के शीघ्र एवं विधिसम्मत निस्तारण के अभियान के तहत थाना तिलहर पुलिस ने आबकारी अधिनियम के 102 अभियोगों से संबंधित कुल 923 लीटर अवैध शराब का नियमानुसार विनिष्टीकरण किया।
यह कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक तिलहर के नेतृत्व में माननीय न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में की गई।
जानकारी के अनुसार, माननीय सिविल जज (जू०डि०)/न्यायिक मजिस्ट्रेट, तिलहर के 17 जून 2026 के आदेश के अनुपालन में वर्ष 2025 के 78 तथा वर्ष 2026 के 24 मालों सहित कुल 102 आबकारी मामलों में बरामद 884 लीटर कच्ची शराब एवं 39 लीटर देशी शराब (156 पव्वे), कुल 923 लीटर शराब का विधिवत विनिष्टीकरण किया गया।
थाना परिसर में चौकीदारों की सहायता से गड्ढा खुदवाकर समिति के सदस्यों की मौजूदगी में समस्त शराब को नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई तथा न्यायालय के आदेशों एवं निर्धारित कानूनी प्रक्रिया का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया गया।
विनिष्टीकरण की कार्यवाही थाना तिलहर के हेड मोहर्रिर धीर सिंह द्वारा संपादित कराई गई। इस दौरान समिति के सदस्य एवं थाना पुलिस के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।