नेशनल हाईवे पर दो सड़क हादसे: बैलगाड़ी व ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर, दो लोग घायल
टेन न्यूज़ ii 17 मार्च 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर (शाहजहांपुर)। थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर मंगलवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक किसान समेत दो लोग घायल हो गए। दोनों घटनाओं में वाहन क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि एक मामले में चालक मौके से फरार हो गया।
पहली घटना में गैस एजेंसी के सामने एक तेज रफ्तार ट्रक ने बैलगाड़ी को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में नरसा नगला निवासी किसान कल्याण घायल हो गए, जबकि एक बैल भी चोटिल हो गया। टक्कर से बैलगाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
किसान कल्याण गन्ना तुलाकर बैलगाड़ी से घर लौट रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल किसान को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया तथा क्षतिग्रस्त बैलगाड़ी को हाईवे से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित फरार हो गया।
दूसरी घटना नेशनल हाईवे स्थित मंडी समिति के सामने हुई, जहां मुजफ्फरनगर से लखनऊ की ओर जा रहे मोटरसाइकिलों से भरे कंटेनर ने गन्ना लेकर चीनी मिल जा रही ट्रैक्टर-ट्राली को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार संजय गंगवार (19) निवासी लखोहा घायल हो गए, जबकि चालक राजाराम बाल-बाल बच गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायल को तिलहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया। पुलिस दोनों मामलों में आवश्यक कानूनी कार्रवाई में जुटी है।






