संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों पर ऊधमसिंहनगर पुलिस का जनपदव्यापी सत्यापन अभियान, 108 लाइसेंस जांच के दायरे में फंसे

टेन न्यूज़ !! १६ जुलाई २०२६ !! अंश कुमार गुप्ता ब्यूरो
ऊधमसिंहनगर। जनपद में संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की वैधानिकता की जांच के लिए ऊधमसिंहनगर पुलिस ने व्यापक सत्यापन अभियान शुरू किया है। अभियान के तहत बाहरी राज्यों एवं अन्य जनपदों से जारी शस्त्र लाइसेंसों की जांच के लिए तीन विशेष पुलिस टीमों का गठन किया गया है।
पुलिस के अनुसार अब तक कुल 678 शस्त्र लाइसेंस चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 626 लाइसेंसों का सत्यापन पूरा किया जा चुका है। सत्यापन के दौरान 108 शस्त्र लाइसेंस संदिग्ध पाए गए हैं। कार्रवाई के तहत 94 लाइसेंस पुलिस ने अपने कब्जे में लिए, जबकि 119 शस्त्र संबंधित थाना क्षेत्रों में जमा कराए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि एक प्रकरण की जांच के दौरान 02 फर्जी शस्त्र लाइसेंस और 04 अवैध शस्त्र बरामद होने के बाद सामने आए तथ्यों के आधार पर यह विशेष अभियान शुरू किया गया। इसके बाद पूरे जनपद में बाहरी राज्यों और अन्य जिलों से जारी लाइसेंसों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की वैधानिकता, उनके निर्गमन की प्रक्रिया तथा संबंधित अभिलेखों की विस्तृत जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।