मिशन शक्ति अभियान के तहत तिलहर तहसील में जनजागरूकता कार्यक्रम, महिलाओं को सुरक्षा व अधिकारों की दी गई जानकारी
टेन न्यूज़ ii 23 मार्च 2026 ii अमुक सक्सेना
तिलहर, शाहजहाँपुर। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से संचालित मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज-5.0 (द्वितीय चरण) के अंतर्गत तिलहर तहसील मुख्यालय पर व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। तहसील दिवस के अवसर पर आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर राजेश द्विवेदी ने क्षेत्राधिकारी तिलहर के साथ तहसील परिसर में स्थापित मिशन शक्ति स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सुरक्षा, अधिकारों एवं सरकारी योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के मार्गदर्शन में तिलहर सर्किल के सभी थानों द्वारा मिशन शक्ति स्टॉल लगाए गए, जहां तहसील दिवस में आने वाली महिलाओं को व्यवस्थित रूप से जागरूक किया गया। स्टॉल के माध्यम से महिलाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों—1090 (महिला पावर लाइन), 112 (आपातकालीन पुलिस सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) एवं 108 (एम्बुलेंस सेवा) के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध से बचाव एवं अन्य सुरक्षा उपायों के बारे में भी जागरूक किया गया। साथ ही उन्हें यह संदेश दिया गया कि किसी भी आपात स्थिति में बिना संकोच पुलिस से संपर्क करें, ताकि त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इसके अतिरिक्त बालिकाओं और महिलाओं को आत्मरक्षा के महत्व के बारे में बताया गया और उन्हें आत्मविश्वास के साथ जीवन जीने तथा अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया।
इस आयोजन के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनपद में महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसके लिए लगातार ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाते रहेंगे।






