लाठी-डंडों से मारपीट में दो लोग घायल, रिपोर्ट दर्ज

बरखेड़ा हवेली गांव में घर पहुंचकर मारपीट करने का आरोप, एक घायल के सिर में आई गंभीर चोट
टेन न्यूज़ !! १३ नवम्बर २०२६ !! पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा, शाहजहांपुर। क्षेत्र के ग्राम बरखेड़ा हवेली में लाठी-डंडों से हुई मारपीट में दो लोग घायल हो गए। परिजन दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कटरा लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल शाहजहांपुर रेफर कर दिया गया।
मामले में घायल दीपेश कुमार की पत्नी आरती गंगवार ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि 11 नवंबर की शाम करीब 4:30 बजे गांव के मुन्ना, रंजीत और देवेंद्र पुत्रगण ठाकुरदास उनके घर पहुंचे। आरोप है कि तीनों ने गाली-गलौज करते हुए उनके पति दीपेश कुमार और ससुर के साथ लाठी-डंडों से मारपीट शुरू कर दी।
आरती गंगवार के मुताबिक, मारपीट में उनके पति के सिर में गंभीर चोट आई और खून निकलने लगा। बीच-बचाव करने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से चले गए। घटना के दौरान उनके पति का मोबाइल फोन भी कहीं गिर गया।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।