बीमारी से महिला की मौत, मायके पक्ष की सहमति पर पोस्टमार्टम![]()
तीन दिन से चल रहा था उपचार, अचानक तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल ले गए परिजन
टेन न्यूज ।। 12 सितंबर 2026 ।। ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के नवीन नगर बाबरपुर निवासी 27 वर्षीय महिला की बुधवार को बीमारी के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को घटना की जानकारी दी। मायके पक्ष के लोगों के पहुंचने और दोनों पक्षों में सहमति बनने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक उर्फ बबलू की पत्नी प्रिया उर्फ लवी पिछले तीन दिनों से बीमार चल रही थीं। परिजनों द्वारा उनका उपचार कराया जा रहा था। बुधवार को अचानक तबीयत अधिक बिगड़ने पर पति अभिषेक उर्फ बबलू और जेठ शिवम उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक ने जांच के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रशासन की ओर से मेमो के माध्यम से घटना की सूचना कोतवाली अजीतमल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सीएचसी पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने मृतका के मायके पक्ष को भी घटना की सूचना दी। बताया गया कि प्रिया की शादी वर्ष 2024 में अभिषेक उर्फ बबलू के साथ हुई थी और उनका मायका सिद्धार्थ नगर, बाबरपुर में है।
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मायके पक्ष के लोग मौके पर पहुंचे। दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद पुलिस ने पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार राजपूत ने बताया कि महिला की बीमारी के दौरान मौत हुई है। मायके पक्ष को सूचना दी गई थी। उनके पहुंचने और सहमति के बाद पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।