• Sun. Nov 29th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

फोन पर बात करने का दबाव बनाने के विवाद में महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

ByTen News One Desk

Nov 29, 2026
5 Views

फोन पर बात करने का दबाव बनाने के विवाद में महिला की हत्या, आरोपी गिरफ्तार


पति से शिकायत करने पर रंजिश रखने लगा था आरोपी, पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद किया


टेन न्यूज़ !! २९ नवम्बर २०२६ !! रामजी पोरवाल ब्यूरो,

औरैया। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के सलेमपुर गांव में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला पर फोन पर बात करने का दबाव बनाता था। महिला ने इसकी शिकायत अपने पति से कर दी थी। इसी बात से नाराज होकर आरोपी ने मौका पाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त बांका भी बरामद किया है।

सलेमपुर निवासी पुनीता (35) पत्नी हरि सिंह की 20 नवंबर की सुबह करीब सात बजे हत्या की सूचना डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए थे। मृतका के पति की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी थी।

पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर आशीष पुत्र रामबाबू निवासी बन्थरा, थाना बिधूना को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ताजपुर में उसकी दूध की डेयरी है और वह पुनीता को पहले से जानता था। वह उस पर फोन पर बात करने का दबाव बनाता था। इसकी शिकायत पुनीता के पति हरि सिंह ने आरोपी के घर पहुंचकर उसके परिवार के सामने की थी। इसी बात को लेकर आरोपी रंजिश रखने लगा था।

पुलिस के अनुसार, 19 और 20 नवंबर की रात पुनीता घर के बाहर बरामदे में अकेली सो रही थी। इसी दौरान आरोपी ने बांका से उस पर हमला कर दिया। महिला के जागने और शोर मचाने पर आरोपी ने उसका मुंह दबाया और उसे पकड़कर नीम के पेड़ की ओर ले गया। अधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हनुमान मंदिर से आगे सरसों के खेत से हत्या में प्रयुक्त बांका बरामद किया है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। मुकदमा अपराध संख्या 375/2026 के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!