एम्स रायबरेली में ‘योग क्लब’ की शुरुआत, स्वस्थ जीवन और नशामुक्त समाज का लिया संकल्प

टेन न्यूज़ !! २1 जून २०२६ !! वसीम खान ब्यूरो
रायबरेली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रायबरेली में स्वास्थ्य एवं आरोग्यता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए ‘योग क्लब’ का शुभारंभ किया गया। इसके तहत अब एम्स परिसर में प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे नियमित योग कक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
इस अवसर पर एम्स के डॉक्टरों, फैकल्टी सदस्यों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सामूहिक योगाभ्यास किया और स्वस्थ समाज के निर्माण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित बीएचयू के प्रोफेसर ओ.पी. सिंह ने योग एवं आयुर्वेद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यदि हमें दीर्घायु और उत्तम स्वास्थ्य प्राप्त करना है, तो दैनिक जीवन में योग और आयुर्वेद को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि योग न केवल शारीरिक रोगों से बचाव करता है, बल्कि मानसिक शांति और संतुलन भी प्रदान करता है।
एम्स रायबरेली की निदेशक डॉ. अमिता जैन ने बताया कि योग क्लब का लाभ केवल संस्थान के कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि मरीजों के लिए भी विशेष योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि योग को उपचार प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाकर मरीजों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ में सहायता प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान ‘नशामुक्त भारत अभियान’ पर भी विशेष चर्चा की गई। डॉ. आकाश ने युवाओं से नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच ही सफलता का आधार है। उन्होंने युवाओं को समाज में नशामुक्ति के प्रति जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया।
एम्स रायबरेली की यह पहल स्वास्थ्य संवर्धन, मानसिक संतुलन और नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
टेन न्यूज के लिए रायबरेली से ब्यूरो वसीम खान की रिपोर्ट।