रिश्तेदारी से घर लौटा युवक, देर रात फंदे पर लटका मिला शव

मानपुर गांव में घटना से परिवार में मचा कोहराम, पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ की जांच
टेन न्यूज़ !! १३ नवम्बर २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल
औरैया। अयाना थाना क्षेत्र के मानपुर गांव में देर रात एक युवक का शव घर के अंदर फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मानपुर निवासी दीपक कुमार (32) पुत्र वीरेंद्र कुमार पेंटर का काम करता था। वह अपनी पत्नी रेनू देवी और तीन बच्चों अवनीश (8), सौरभ (7) तथा अनीश (4) के साथ अपनी बहनों और साढ़ू के घर रिश्तेदारी में गया था। रात करीब 11 बजे वह परिवार के साथ घर लौटा था। इसके बाद देर रात करीब डेढ़ बजे उसका शव घर के अंदर रस्सी के सहारे फंदे पर लटका मिला।![]()
घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता वीरेंद्र कुमार पंजाब के मोगा में रहकर मजदूरी करते हैं।
थानाध्यक्ष संजय कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, टेन न्यूज़।