प्रवक्ता परीक्षा को लेकर जिलाधिकारी औरैया ने की समीक्षा बैठक, निष्पक्ष एवं नकलविहीन परीक्षा के दिए निर्देश

औरैया। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा 14 जून 2026 को आयोजित होने वाली प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बृजेश कुमार ने कलेक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों, केंद्र व्यवस्थापकों तथा संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को सौंपी गई जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी एवं लगन के साथ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी प्रकार की शिथिलता या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेटों को निर्देशित किया कि वे परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करें तथा किसी भी समस्या की जानकारी पूर्व में ही उपलब्ध कराएं। उन्होंने परीक्षा अवधि के दौरान मुख्यालय पर उपस्थित रहने के भी निर्देश दिए।
केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे एवं डीवीआर सुचारु रूप से संचालित रहें। इसके अतिरिक्त शौचालय, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, फर्नीचर, बाउंड्री वॉल एवं बैठने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने परीक्षा से पूर्व सभी केंद्रों का भ्रमण कर आवश्यक तैयारियों का सत्यापन करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में बताया गया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास संचालित फोटोकॉपी मशीनों पर प्रतिबंध रहेगा तथा परीक्षा केंद्रों के भीतर मोबाइल फोन, कैलकुलेटर एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का प्रवेश पूर्णतः निषिद्ध रहेगा।
नोडल अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रवक्ता (पुरुष/महिला) राजकीय इंटर कॉलेज (प्रारंभिक) परीक्षा-2025 जनपद के 9 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। परीक्षा प्रातः 9:30 बजे से 11:30 बजे तक संपन्न होगी। परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं नकलविहीन ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र प्रतिनिधि तथा पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की गई है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अविनाश चंद्र मौर्य, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुरेंद्र कुमार, उप जिलाधिकारी अजीतमल गरिमा सोनकिया, उप जिलाधिकारी सदर अजय आनंद वर्मा, उप जिलाधिकारी बिधूना निखिल राजपूत, परियोजना निदेशक डीआरडीए मनीष कुमार मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक प्रदीप कुमार मौर्य सहित स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक, पर्यवेक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
