• Sat. Jun 13th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

कन्नौज में उर्स कार्यक्रम में पहुंचे विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष, महंगाई-बेरोजगारी को बनाया चुनावी मुद्दा

ByTen News One Desk

Jun 13, 2026
9 Views

कन्नौज में उर्स कार्यक्रम में पहुंचे विधान परिषद के नेता प्रतिपक्ष, महंगाई-बेरोजगारी को बनाया चुनावी मुद्दा


टेन न्यूज़ !! १३ जून २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो

कन्नौज। उत्तर प्रदेश विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव ने कन्नौज के कुसुमखोर में आयोजित उर्स कार्यक्रम में शिरकत कर भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। इसके बाद सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने प्रदेश और केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की समस्याओं और शिक्षा व्यवस्था को वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव का प्रमुख मुद्दा बताया।

लाल बिहारी यादव ने कहा कि सभी धर्मों का सम्मान होना चाहिए और धर्म के नाम पर समाज में मतभेद पैदा करना देशहित में नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे हैं तथा भर्ती प्रक्रियाएं लगातार प्रभावित हो रही हैं।

शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि पहले विभिन्न भर्ती प्रक्रियाओं के लिए अलग-अलग बोर्ड होते थे, तब भी परीक्षाएं समय पर नहीं हो पाती थीं। अब सभी आयोगों के लिए एक बोर्ड बना दिया गया है, लेकिन वर्षों बीत जाने के बाद भी नियमित भर्ती परीक्षाएं नहीं हो सकी हैं। उन्होंने कहा कि इससे युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

पेपर लीक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकार पर निशाना साधा और कहा कि शिक्षा व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है। उनके अनुसार सरकार शिक्षा और रोजगार के मुद्दों पर प्रभावी कार्य करने में असफल रही है।

बहुजन समाज पार्टी पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने कहा कि बसपा भाजपा की “बी-टीम” की तरह कार्य कर रही है। वहीं राजनीति में व्यक्तिगत टिप्पणियों पर उन्होंने कहा कि सार्वजनिक जीवन में मर्यादा बनाए रखना आवश्यक है और राजनीति नीतियों तथा विचारों की लड़ाई होनी चाहिए।

पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के उस बयान पर, जिसमें उन्होंने 2027 में समाजवादी पार्टी की स्थिति पश्चिम बंगाल की तृणमूल कांग्रेस जैसी होने की बात कही थी, लाल बिहारी यादव ने पलटवार करते हुए कहा कि 2024 के लोकसभा चुनाव में जनता का समर्थन समाजवादी पार्टी के पक्ष में स्पष्ट रूप से दिखाई दिया है और आगामी विधानसभा चुनाव में भी यही जनादेश दोहराया जाएगा।

इस अवसर पर सपा प्रदेश उपाध्यक्ष मौलाना इरफानुल हक कादरी, जिलाध्यक्ष कलीम खान, मुख्य प्रवक्ता विजय द्विवेदी, हसीब हसन, आकाश शाक्य, आरिफ जमा, आनंद बाबू यादव, कासिम खान, नयाब अहमद, विवेक पाल, रोहित यादव सहित पार्टी के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

रिपोर्ट: प्रभाष चंद्र, कन्नौज

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!