• Sat. Nov 28th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

रोजगार मेले में 13 कंपनियों ने लिया भाग, 327 अभ्यर्थियों का चयन

ByTen News One Desk

Nov 28, 2026
4 Views

रोजगार मेले में 13 कंपनियों ने लिया भाग, 327 अभ्यर्थियों का चयन


राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने किया शुभारंभ, युवाओं को कौशल और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए किया प्रेरित


टेन न्यूज़ !! २८ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो,

तिर्वा (कन्नौज)। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से डीएन इंटर कॉलेज, तिर्वा में एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया गया। मेले में निजी क्षेत्र की 13 कंपनियों ने प्रतिभाग किया और विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए। चयन प्रक्रिया के बाद कुल 327 अभ्यर्थियों का चयन किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ ऊर्जा एवं अतिरिक्त ऊर्जा विभाग के राज्यमंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने फीता काटकर किया। इसके बाद उन्होंने दीप प्रज्वलित कर मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। आयोजकों की ओर से उनका माल्यार्पण और शॉल भेंटकर स्वागत किया गया। इस दौरान सरस्वती वंदना भी प्रस्तुत की गई।

राज्यमंत्री ने रोजगार मेले में पहुंचे युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपनी योग्यता, कौशल और आत्मविश्वास के बल पर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाएं और अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने अभ्यर्थियों को निजी कंपनियों में रोजगार पाने की प्रक्रिया, साक्षात्कार की तैयारी और चयन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी। वहीं, राजकीय आईटीआई के प्रधानाचार्य अनुज कुमार मौर्य ने कौशल विकास और तकनीकी प्रशिक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं को बेहतर रोजगार के लिए अपनी दक्षता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में डीएन इंटर कॉलेज और सरस्वती विद्या मंदिर, तिर्वा के प्रधानाचार्य सहित जिला सेवायोजन कार्यालय, राजकीय आईटीआई और कॉलेज के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। जिला सेवायोजन अधिकारी ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए आयोजन में सहयोग करने वाली कंपनियों, अतिथियों और कर्मचारियों के प्रति आभार जताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!