सघन खेत बचाओ अभियान के तहत 403 किसानों को किया जागरूक

नौरंगपुर नगरिया और भवानी सराय में आयोजित कार्यक्रमों में प्राकृतिक एवं संतुलित खेती अपनाने पर दिया गया जोर
टेन न्यूज़ !! २६ नवम्बर २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो ,
कन्नौज। रबी 2026 के तहत संचालित सघन खेत बचाओ अभियान के अंतर्गत किसानों को वैज्ञानिक और टिकाऊ कृषि पद्धतियों के प्रति जागरूक करने के लिए दो गांवों में कृषक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। विकास खंड उमर्दा के ग्राम नौरंगपुर नगरिया और विकास खंड तालग्राम के ग्राम भवानी सराय में आयोजित कार्यक्रमों में करीब 403 किसानों ने भाग लिया।
कार्यक्रम में किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों के प्रयोग, हरी खाद और जैविक खाद के लाभ, प्राकृतिक खेती, दलहन एवं तिलहन उत्पादन, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, यूरिया और डीएपी के विकल्प तथा नैनो उर्वरकों के वैज्ञानिक उपयोग की जानकारी दी गई। इसके साथ ही किसान क्रेडिट कार्ड संतृप्तीकरण और विभिन्न कृषि योजनाओं के बारे में भी बताया गया।![]()
उप कृषि निदेशक संतोष कुमार ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों का अनावश्यक एवं अत्यधिक प्रयोग मिट्टी, मानव स्वास्थ्य और पर्यावरण पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसलिए किसानों को मृदा परीक्षण के आधार पर संतुलित उर्वरकों का इस्तेमाल करना चाहिए। उन्होंने प्राकृतिक एवं गो-आधारित खेती को बढ़ावा देने के साथ रासायनिक उर्वरकों के साथ हरी खाद और जैविक खाद के समुचित उपयोग पर जोर दिया।
उन्होंने किसानों से अपनी फार्मर आईडी बनवाने की अपील करते हुए कहा कि इससे शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
कार्यक्रम में किसानों को कम लागत में बेहतर उत्पादन प्राप्त करने, भूमि की उर्वरता बनाए रखने और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करने के लिए वैज्ञानिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने के प्रति प्रेरित किया गया।