क़ायमगंज सम्पूर्ण समाधान दिवस में 56 शिकायतें प्राप्त, 5 का मौके पर निस्तारण
टेन न्यूज़ ii 22 फरवरी 2026 ii तौफीक फारुकी ब्यूरो,
फर्रुखाबाद। तहसील कायमगंज में शनिवार को अपर जिलाधिकारी अरुण कुमार सिंह की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में आमजन की समस्याओं की सुनवाई की गई।
अपर जिलाधिकारी ने फरियादियों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मौके पर जाकर निष्पक्ष जांच करें और समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जन समस्याओं का समाधान शासन की प्राथमिकता में है, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि गरीब, जरूरतमंद एवं पीड़ित व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर शासकीय योजनाओं से आच्छादित किया जाए तथा शिकायतकर्ता से स्वयं वार्ता कर संतुष्टि परक समाधान किया जाए। भूमि संबंधी मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीमों को मौके पर जाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 56 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों—पुलिस, राजस्व, विद्युत, विकास, आपूर्ति एवं नगर पालिका—को शीघ्र निस्तारण हेतु प्रेषित किया गया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी अतुल कुमार सिंह, तहसीलदार विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी राजेश द्विवेदी, वन क्षेत्राधिकारी राजेश कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी ओम प्रकाश पाल, नगर पालिका अधिशासी अधिकारी डॉ. लव कुमार मिश्रा, बीडीओ राजेन्द्र सिंह, चिकित्सा प्रभारी विपिन कुमार, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मदन मोहन चतुर्वेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।





