• Fri. Apr 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

फ्लाईओवर निर्माण के चलते कटरा और कसरक रेलवे फाटक स्थायी रूप से बंद, ग्रामीणों में रोष

ByTen News One Desk

Feb 22, 2026
179 Views

फ्लाईओवर निर्माण के चलते कटरा और कसरक रेलवे फाटक स्थायी रूप से बंद, ग्रामीणों में रोष


छात्रों, मरीजों और व्यापारियों को हो रही भारी परेशानी; वैकल्पिक मार्ग की मांग तेज


टेन न्यूज ii 22 फरवरी 2026 ii पप्पू अंसारी
मीरानपुर कटरा (शाहजहांपुर)। कस्बे के रेलवे स्टेशन के पास निर्माणाधीन फ्लाईओवर के चलते कटरा रेलवे फाटक को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। फाटक बंद होने से उसके पार बसे दर्जनों गांवों के लोगों को कस्बे में आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस निर्णय को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, कटरा रेलवे फाटक बंद करने से पहले हुलासनगरा रेलवे फाटक को भी बंद कर दिया गया था। अब दोनों प्रमुख रास्तों के बंद हो जाने से आवागमन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। ग्रामीणों को कस्बे तक पहुंचने के लिए कई किलोमीटर लंबा चक्कर लगाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है।

छात्रों, मरीजों और व्यापारियों पर असर
फाटक बंद होने का सबसे अधिक असर छात्र-छात्राओं, मरीजों और व्यापारियों पर पड़ रहा है। स्कूल व कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों को रोजाना अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है।

वहीं गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों और व्यापारियों को कृषि उपज और अन्य सामान लाने-ले जाने में अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ गया है।

ग्रामीणों का आरोप है कि फ्लाईओवर निर्माण कार्य के दौरान प्रशासन की ओर से कोई समुचित वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था नहीं की गई। बिना पर्याप्त तैयारी के फाटक बंद कर देने से आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेताओं ने सुनी समस्या

कांग्रेस कमेटी कटरा के नगर अध्यक्ष अच्छन खान, सैय्यद फिरोज़ अली, नाजिम बेग, आरिश खान और नुरैन अहमद मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। नेताओं ने कहा कि विकास कार्यों का स्वागत है, लेकिन जनता को असुविधा में डालकर विकास करना उचित नहीं है।

उन्होंने सरकार और प्रशासन से मांग की है कि फ्लाईओवर निर्माण पूरा होने तक वैकल्पिक मार्ग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से शीघ्र समाधान निकालने की अपील की है। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें संबंधित विभाग की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!