छात्राओं ने थाना प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल को राखी बांधकर अपने भाई का प्रेम और विश्वास व्यक्त किया
टेन न्यूज़ !! ०९ अगस्त २०२५ !! पप्पू अंसारी, मीरानपुर कटरा/शाहजहांपुर
मीरानपुर कटरा नगर में रक्षाबंधन का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसी कड़ी में स्थानीय विद्यालय की छात्राओं ने थाना परिसर पहुंचकर थाना प्रभारी निरीक्षक जुगल किशोर पाल को राखी बांधकर अपने भाई का प्रेम और विश्वास व्यक्त किया। बहनों ने मिठाई खिलाकर उनके स्वस्थ, सुरक्षित और दीर्घायु होने की कामना की।
राखी बांधने के बाद थाना प्रभारी जुगल किशोर पाल ने सभी छात्राओं को रक्षाबंधन की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि बहनों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बहनों को आश्वासन दिया कि किसी भी परिस्थिति में वह उनकी रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर छात्राओं के चेहरों पर खुशी झलक रही थी, वहीं थाना परिसर में भाई-बहन के इस पवित्र रिश्ते की मिठास और भाईचारे का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। मौके पर मौजूद शिक्षकों और अभिभावकों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सौहार्द और सुरक्षा का संदेश देने वाला कदम बताया।







