बारह बफ़ात जुलूस मार्ग का डीएम ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश
टेन न्यूज़ !! ०३ सितम्बर २०२५ !! डेस्क न्यूज़@ शाहजहाँपुर
आगामी 05 सितम्बर को निकाले जाने वाले बारह बफ़ात जुलूस की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को नगर आयुक्त, एडीएम प्रशासन, एडीएम वित्त एवं राजस्व तथा नगर मजिस्ट्रेट के साथ जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम स्टेशन के पास स्थित नूरी मस्जिद पहुँचे, जहाँ उन्होंने जुलूस की तैयारियों की जानकारी अनीस अत्तारी से ली। इसके बाद उन्होंने एमंज़ई जलालनगर से बजरिया तक पूरे मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जिलाधिकारी ने साफ-सफाई की स्थिति, सड़कों पर बने गड्ढों और मार्ग पर लटक रहे विद्युत तारों को देखा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तारों को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, गड्ढों को भरकर सड़क को सुगम बनाया जाए और पूरे रूट पर बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित हो। साथ ही जुलूस के दिन प्रकाश व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और शांति व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि प्रशासन की ओर से तैयारियाँ पूरी गंभीरता से की जा रही हैं, ताकि बारह बफ़ात का जुलूस शांति और सौहार्दपूर्ण माहौल में सकुशल संपन्न हो सके।







