• Mon. May 25th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

दो बाईकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल

ByTen News One Desk

Feb 15, 2026
59 Views

दो बाईकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक युवक की मौत, तीन गंभीर घायल


टेन न्यूज़ !! १५ फरवरी २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र अंतर्गत ऊंचा मार्ग पर सेंगर नदी के पास गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। आमने-सामने दो बाइकों की जोरदार भिड़ंत में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सहायल थाना क्षेत्र के ग्राम अचानकपुर निवासी रवि (26) पुत्र सुरेश बाबू अपनी बाइक पर गांव के ही पिंटू (35) पुत्र प्रेमचंद तथा रवि (23) पुत्र सुभाष चंद्र को बैठाकर कहीं जा रहा था।

इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी बाइक, जिसे फफूंद थाना क्षेत्र के ग्राम तुलसीपुर निवासी छोटू पुत्र जगदीश चला रहा था, सेंगर नदी के पास आमने-सामने टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइकों पर सवार सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और तीन घायलों में रवि पुत्र सुरेश बाबू, पिंटू पुत्र प्रेमचंद तथा रवि पुत्र सुभाष चंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद रवि पुत्र सुरेश बाबू को मृत घोषित कर दिया।

वहीं गंभीर रूप से घायल पिंटू पुत्र प्रेमचंद और रवि पुत्र सुभाष चंद्र को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दूसरी बाइक पर सवार छोटू पुत्र जगदीश को भी एंबुलेंस के माध्यम से अन्य अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

हादसे की जानकारी मिलते ही फफूंद थाना अध्यक्ष अजय कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हुई है और अन्य लोग घायल हैं। मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!