महाशिवरात्रि पर बण्डा क्षेत्र में स्थित प्राचीन सुनासरनाथ मंदिर व शोभायात्रा मार्ग का एएसपी ग्रामीण ने किया निरीक्षण

टेन न्यूज़ !! १५ फरवरी २०२६ !! डीपी सिंह@डेस्क न्यूज, शाहजहांपुर
महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए जनपद पुलिस अलर्ट मोड पर रही। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) महोदया ने थाना बण्डा क्षेत्र में स्थित प्राचीन सुनासरनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी तिलहर, क्षेत्राधिकारी पुवायाँ, क्षेत्राधिकारी साइबर एवं प्रभारी निरीक्षक बण्डा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास द्वार, बैरिकेडिंग व्यवस्था, पार्किंग स्थल तथा भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया गया। ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही, प्रभावी यातायात नियंत्रण एवं आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी जारी किए गए।
अपर पुलिस अधीक्षक ने सीसीटीवी निगरानी, कंट्रोल रूम समन्वय एवं पर्याप्त पुलिस बल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण उपरांत उन्होंने मंदिर में विधिवत पूजन-अर्चन कर दर्शन भी किए।
इसके पश्चात थाना बण्डा क्षेत्र से निकलने वाली शोभायात्रा के निर्धारित मार्ग का भी निरीक्षण किया गया। डायवर्जन प्लान, सुरक्षा पिकेट एवं बैरिकेडिंग की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
जनपद पुलिस ने महाशिवरात्रि पर्व पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए हैं और शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्धता दोहराई है।






