• Fri. Apr 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

भीषण गर्मी से निपटने के लिए शाहजहाँपुर प्रशासन मुस्तैद; जिलाधिकारी ने ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ की रूपरेखा तैयार

ByTen News One Desk

Feb 27, 2026
67 Views

भीषण गर्मी से निपटने के लिए शाहजहाँपुर प्रशासन मुस्तैद; जिलाधिकारी ने ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ की रूपरेखा तैयार


टेन न्यूज़ !! २७ फरवरी २०२६ !! डीपी सिंह डेस्क@शाहजहाँपुर

आज जिलाधिकारी महोदय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वी.सी. कक्ष में जनपद में हीटवेव (लू) प्रबंधन हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ को विकसित, क्रियान्वित और उसकी सघन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करना रहा।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद को लू के प्रकोप से बचाने के लिए उत्तर प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश निम्नलिखित हैंः-

जनपद के संवेदनशील समूहों को चिह्नित करते हुए हाइड्रोलॉजिस्ट के डेटा के आधार पर लोकेशन-वाइज प्लान तैयार किया जाए। ऐसे स्थानों का चिन्हांकन हो जहाँ वृक्षारोपण संभव है। ट्रैफिक सिग्नल पर राहगीरों के लिए ग्रीन शेड लगाए जाएं। समस्त पेट्रोल पंप, होटल और सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित हो।

साथ ही गैर-सरकारी संस्थानों के साथ समन्वय कर प्याऊ लगवाने के निर्देश दिए गए। दिहाड़ी मजदूरों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाएं। पशुशालाओं के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर पशुओं को लू से बचाने के पुख्ता इंतजाम हों। जनपद के सभी 12 सी0एच0सी0 का ऑडिट किया जाए।

समस्त अस्पतालों में 15 बेड का समर्पित ‘‘हीटवेव वार्ड‘‘ और हेल्प डेस्क संचालित होगा। मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य को भी बैठक में शामिल किया गया है। स्कूलों में नियमित अंतराल पर ‘‘वाटर बेल‘‘ बजाई जाएगी ताकि बच्चे पानी पी सकें। हर स्कूल में पेयजल हेतु दो घड़े अनिवार्य रूप से रखे जाएंगे, जिनकी जिम्मेदारी रसोइयों की होगी। स्वास्थ्य विभाग स्कूलों के लिए विशेष मेडिकल किट तैयार करेगा।

भीषण गर्मी के दौरान बच्चों को ‘‘टाई‘‘ न पहनने की छूट दी गई है। बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और सार्वजनिक स्थानों पर यात्री शेड में पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। नगर निगम रिक्शा चालकों व आमजन के लिए 10-15 स्थानों पर छायादार टेंट और पानी का प्रबंध करेगा। प्रमुख कॉलोनियों में नागरिकों को अपनी छतों पर किचन गार्डन व सब्जी उगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा ताकि स्थानीय तापमान कम रहे। इसके लिए जनपद स्तर पर विशिष्ट आई0ई0सी0 सामग्री (बैनर-पोस्टर) तैयार की जाएगी।

हमारा लक्ष्य है कि ग्रीष्म ऋतु के आगमन से पूर्व जनपद का प्रत्येक विभाग पूरी तरह तैयार रहे, ताकि हीटवेव के कारण जन-हानि या पशु-हानि को शून्य रखा जा सके।

बैठक में नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी (वित्त), डिप्टी सी.एम.ओ., मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, पुलिस विभाग, अग्निशमन अधिकारी, श्रम विभाग, जल निगम, जिला कार्यक्रम विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग के जिला स्तरीय समस्त अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!