• Fri. Apr 17th, 2026

Ten News One

Short Breaking News All Trending Topic Hindi

राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता सम्पन्न

ByTen News One Desk

Feb 27, 2026
51 Views

राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता सम्पन्न


स्मार्ट सिटी माडल बनाकर रंजीत बने विजेता


टेन न्यूज़ !! २७ फरवरी २०२६ !! प्रभाष चन्द्र ब्यूरो, कन्नौज

बच्चों में वैज्ञानिक मनोवृत्ति, वैज्ञानिक दृष्टिकोण एवं आलोचनात्मक चिंतन क्षमता के विकास के उद्देश्य से शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा संचालित राष्ट्रीय अविष्कार अभियान के अंतर्गत आज कलेक्ट्रेट परिसर, कन्नौज में जनपद स्तरीय विज्ञान मॉडल प्रदर्शनी एवं क्विज प्रतियोगिता का भव्य आयोजन उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्य मंत्री/जनपद प्रभारी मंत्री श्रीमती रजनी तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ

कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न विकासखण्डों से चयनित छात्र-छात्राओं द्वारा तैयार किए गए नवाचारपूर्ण विज्ञान मॉडलों की आकर्षक प्रदर्शनी लगाई गई, जिसका मा० मंत्री जी ने अवलोकन कर प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया

विकासखण्ड स्तर से चयनित प्रत्येक विकासखण्ड के पाँच-पाँच विजेता छात्र-छात्राओं ने अपने मॉडल/प्रोजेक्ट के साथ प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। निर्णायक मंडल द्वारा निर्धारित मानकों पर मूल्यांकन करते हुए उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन किया गया, जिसमें कम्पोजिट विद्यालय फतेहपुर जसोदा के कक्षा 8 के छात्र रंजीत ने स्मार्ट सिटी मॉडल प्रस्तुत कर प्रथम स्थान प्राप्त किया।

द्वितीय स्थान प्रिया वर्मा (कक्षा 7), पीएम श्री कम्पोजिट विद्यालय बेहरिन, तृतीय स्थान प्रांशू (कक्षा 7), उच्च प्राथमिक विद्यालय चचियापुर, चतुर्थ स्थान अंशुल वर्मा (कक्षा 8), कम्पोजिट विद्यालय रामखेड़ा तथा पंचम स्थान देव (कक्षा 8), उच्च प्राथमिक विद्यालय निजामपुर द्वितीय ने प्राप्त किया

सभी विजेताओं को टैबलेट, मोमेंटो, प्रमाण-पत्र, स्टेशनरी किट, बैग एवं विज्ञान पुस्तकें प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में विकासखण्ड स्तरीय क्विज प्रतियोगिता से चयनित पाँच सदस्यीय टीमों ने जनपद स्तरीय क्विज प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया। प्रत्येक टीम से 10-10 प्रश्न पूछे गए। समान अंक प्राप्त होने की स्थिति में द्वितीय चरण में 5-5 प्रश्नों के माध्यम से पुनः प्रतिस्पर्धा कराई गई, जिसमें सर्वाधिक सही उत्तर देकर हसेरन विकासखण्ड की टीम विजेता घोषित हुई। विजेता टीम के सदस्य देव, सपना, श्रद्धा, प्रतिमा एवं पलक को विज्ञान किट, मोमेंटो, बैग, प्रमाण-पत्र, विज्ञान पुस्तकें एवं स्टेशनरी किट प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मंत्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि बच्चों द्वारा प्रस्तुत किए गए विज्ञान मॉडल अत्यंत उत्कृष्ट, रचनात्मक एवं प्रेरणादायी हैं। इन प्रदर्शनों में विद्यार्थियों की प्रतिभा के साथ-साथ उनके अभिभावकों एवं शिक्षकों का समर्पण और मार्गदर्शन भी स्पष्ट रूप से परिलक्षित होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी बच्चे की सफलता के पीछे परिवार, गुरुजनों और समाज का सामूहिक योगदान होता है। बच्चों की प्रतिभा को पहचानने और उसे सही दिशा देने में शिक्षकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

उन्होंने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी एवं समस्त शिक्षकों को इस सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और तार्किक क्षमता का विकास निरंतर किया जाना चाहिए, ताकि अधिक से अधिक बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और आगे बढ़ सकें।

मंत्री जी ने कहा कि नई शिक्षा नीति का उद्देश्य बच्चों का समग्र विकास सुनिश्चित करना है। प्रत्येक विद्यार्थी में अलग-अलग क्षमताएँ होती हैं, अतः उन्हें किसी एक दिशा में बाध्य करने के बजाय उनकी रुचि और योग्यता के अनुसार प्रोत्साहित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज जिन बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ अपने मॉडलों की प्रस्तुति दी है, वे भविष्य में निश्चित रूप से वैज्ञानिक, शोधकर्ता और नवाचारकर्ता बनकर जनपद, प्रदेश एवं देश का नाम रोशन करेंगे

उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। आज का भारत केवल नौकरी पाने वाला नहीं, बल्कि नौकरी देने वाला राष्ट्र बन रहा है। बच्चों को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह माध्यम है जो राष्ट्र निर्माण की मजबूत नींव रखती है

कार्यक्रम में तिर्वा विधायक कैलाश राजपूत, जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री, मुख्य विकास अधिकारी रामकृपाल चौधरी, पार्टी जिला अध्यक्ष वीर सिंह भदौरिया, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे

कन्नौज से प्रभाष चंद्र की खास रिपोर्ट

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!