शादी में फेरों को लेकर हुआ विवाद, पुलिस की मौजूदगी में सातवां फेरा के बाद हुई विवाह संपन्न

टेन न्यूज़ !! ०२ मार्च २०२६ !! ब्यूरो चीफ रामजी पोरवाल, औरैया। जनपद के कस्बा दिबियापुर में शनिवार को शादी समारोह के दौरान फेरों को लेकर विवाद हो गया। छह फेरे पूरे होने के बाद दुल्हन ने उल्टे फेरे कराए जाने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया और कुछ सामान भी फेंक दिया। इस पर दूल्हे ने दुल्हन का मानसिक संतुलन ठीक न होने की बात कहते हुए शादी से इनकार कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। काफी समझाने-बुझाने के बाद दोनों पक्ष विवाह के लिए तैयार हुए और पुलिस की मौजूदगी में सातवां फेरा करवाकर विवाह संपन्न कराया गया।
जानकारी के अनुसार, फफूंद थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी पंकज पुत्र नरेश चंद्र का विवाह दिबियापुर के संजय नगर निवासी सुनील कुमार की बेटी ईशा से 11 दिसंबर को जिला मुख्यालय ककोर में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह योजना के तहत हुआ था। इसके बाद दोनों अपने-अपने घर चले गए थे।
रिश्तेदारों व परिचितों के लिए प्रीतिभोज और विधिवत विवाह समारोह 27 फरवरी को रखा गया था। तय कार्यक्रम के अनुसार प्रीतिभोज के बाद जयमाल हुई। शनिवार सुबह फेरों के दौरान छह फेरे पूरे होने के बाद दुल्हन ईशा अचानक भड़क गई और सातवां फेरा उल्टा कराए जाने का आरोप लगाते हुए विवाद करने लगी। दुल्हन के व्यवहार से नाराज दूल्हे पंकज ने दुल्हन का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं होने का आरोप लगाते हुए शादी से इनकार कर दिया, जिससे दोनों पक्षों के परिजन हैरान रह गए। काफी देर तक समझाने के बाद भी जब बात नहीं बनी, तब पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची दिबियापुर कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाया। अंततः सुबह करीब नौ बजे पुलिस की मौजूदगी में दूल्हा-दुल्हन ने सातवां फेरा लेने के बाद विवाह संपन्न हुआ। फेरे पूरे होने के बाद दुल्हन की विदाई कर दी गई। थाना प्रभारी रुद्र प्रताप नारायण त्रिपाठी ने बताया कि अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है और किसी प्रकार का कोई विशेष विवाद नहीं है।






